नैनीताल में आज पेयजल संकट, फिल्टर प्लांट बंद रहने से दो लाख लोग होंगे प्रभावित, दिनभर ठप रहेगी सप्लाई

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

नैनीताल: नैनीताल में आज करीब दो लाख लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ेगा। काठगोदाम कॉलटैक्स क्षेत्र में गेट चैंबर की टूटी जालियों की मरम्मत के चलते शीशमहल स्थित फिल्टर प्लांट पूरे दिन बंद रहेगा, जिससे पानी की सप्लाई पूरी तरह बाधित रहेगी।

जानकारी के अनुसार, गौला बैराज से नहर के माध्यम से पानी शीशमहल फिल्टर प्लांट तक पहुंचता है, जहां इसे शुद्ध कर शहर के घरों और प्रतिष्ठानों तक सप्लाई किया जाता है। लेकिन कॉलटैक्स के पास नहर में लगी जालियां टूटने से प्लांट में गंदगी और कचरा पहुंच रहा था, जिससे संचालन प्रभावित हो रहा था।

इस समस्या के समाधान के लिए जल संस्थान द्वारा गुरुवार सुबह से मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। विभाग के मुताबिक, इस कार्य में लगभग आठ घंटे लगेंगे, जिसके चलते सुबह 9 बजे से शाम तक प्लांट बंद रहेगा। प्रभावित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति टैंकरों के माध्यम से की जाएगी।

तीन दिन बाद बिजली-पानी मिलने से राहत

इससे पहले, रविवार रात आए भीषण आंधी-तूफान के कारण नैनीताल में दो दिनों तक बिजली और पानी की भारी किल्लत बनी रही। पेड़ गिरने से बिजली लाइनें और पोल क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिन्हें ठीक करने के बाद मंगलवार देर शाम से विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई।

बुधवार को अधिकांश क्षेत्रों में जलापूर्ति सामान्य हो गई, हालांकि कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में कम दबाव की समस्या बनी रही। जल संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, बिजली न होने के कारण जनरेटर से पानी सप्लाई करने की कोशिश की गई, लेकिन ऊंचे टैंकों तक पानी नहीं पहुंच पाया।

अधिशासी अभियंता ने बताया कि रात में शुद्ध किए गए पानी से सुबह 8:30 बजे तक आपूर्ति दी जाएगी, इसके बाद प्लांट बंद होने से सप्लाई पूरी तरह रुक जाएगी। उपभोक्ताओं से पहले से पानी स्टोर करने की अपील की गई है।

इन क्षेत्रों में रहेगा जल संकट

दमुवाढूंगा, बिठौरिया, कुसुमखेड़ा, चौफुला, बमौरी, ऊंचापुल, बाजार क्षेत्र सहित बरेली और रामपुर रोड से जुड़े इलाकों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *