देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र स्थित देवऋषि एन्क्लेव (देहराखास) में बुधवार शाम एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया। इंटरनेट के माध्यम से हुई पहचान के बाद 20 वर्षीय बीकॉम छात्र ने 48 वर्षीय व्यक्ति की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घटनास्थल से ही हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया।
कमरे में नग्न अवस्था में मिला शव
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम मृतक की बहन मीनाक्षी ने कोतवाली पटेलनगर पुलिस को सूचना दी कि उनके भाई पर किसी व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मकान के भूतल पर बने कमरे में 48 वर्षीय दीपक गुप्ता पुत्र गंगा सागर गुप्ता निवासी देवऋषि एन्क्लेव, देहराखास का शव नग्न अवस्था में छाती के बल पड़ा मिला। कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था और गर्दन के पिछले हिस्से पर चाकू के कई गहरे घाव थे।
घटनास्थल से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से ही रोहन प्रजापति (20) पुत्र देवी चंद्र प्रजापति निवासी प्रधान वाली गली, माजरा, पटेलनगर को हिरासत में लिया। मृतक के भाई राकेश गुप्ता की तहरीर पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 453/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इंटरनेट से हुई थी पहचान
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह एक निजी शिक्षण संस्थान में बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसकी पहचान दीपक गुप्ता से इंटरनेट के माध्यम से हुई थी। बुधवार को दीपक के बुलाने पर वह उनके घर पहुंचा था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर उसने कमरे में पड़े चाकू से दीपक पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
2004 से देहरादून में रह रहा था मृतक
पुलिस जांच में सामने आया कि दीपक गुप्ता मूल रूप से लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले थे और वर्ष 2004 से देहरादून में अपने भाई-बहनों के साथ रह रहे थे। करीब सात से आठ वर्ष पहले उनका अपनी पत्नी से तलाक हो चुका था।
हत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि दोनों के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसने इस मुलाकात को खूनी वारदात में बदल दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।