संवाददाता : वीर सिंह कश्यप
देहरादून। दूरदर्शन और आकाशवाणी के वरिष्ठ पत्रकार अवधेश नौटियाल को निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया है। बुद्धिजीवी फाउंडेशन (भारत) द्वारा नारद जयंती के अवसर पर आयोजित “पत्रकारिता का स्वरूप” गोष्ठी एवं वरिष्ठ पत्रकार सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में समाज और राष्ट्रहित में उत्कृष्ट योगदान, निष्पक्ष पत्रकारिता और दीर्घकालिक सेवाओं के लिए चुनिंदा वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया। अवधेश नौटियाल को यह सम्मान सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता और मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देने के लिए मिला।
20 साल का बेदाग सफर
अवधेश नौटियाल पिछले दो दशक से अधिक समय से इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। वर्ष 2017 से वे DD News और आकाशवाणी में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उनकी पत्रकारिता की पहचान केवल खबरें देने तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने हमेशा समाज की आवाज़ बनकर वंचितों के मुद्दे उठाए हैं।
कोरोना काल में निभाई अग्रणी भूमिका
कोरोना महामारी जैसी कठिन परिस्थितियों में भी अवधेश नौटियाल ने पत्रकारिता धर्म निभाते हुए ग्राउंड रिपोर्टिंग की। साथ ही जरूरतमंद पत्रकारों और उनके परिवारों की सहायता के लिए भी वे सबसे आगे रहे। पत्रकारिता के साथ सामाजिक सरोकारों में उनकी सक्रिय भागीदारी उन्हें एक संवेदनशील और प्रेरणादायी व्यक्तित्व बनाती है।
बुद्धिजीवी फाउंडेशन ने सम्मान पत्र में लिखा कि अवधेश नौटियाल की पत्रकारिता सच्ची, जनसरोकारों वाली और मानवीय मूल्यों का प्रतीक है। यह सम्मान उन सभी पत्रकारों के लिए प्रेरणा है जो निर्भीकता से सच के साथ खड़े रहते हैं।