डीएवी कॉलेज समारोह में अभद्र भाषा का आरोप, हरियाणवी गायक मासूम शर्मा पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। डीएवी (पीजी) कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान मंच से अभद्र भाषा के प्रयोग के आरोप में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की तहरीर पर दर्ज किया गया।

सार्वजनिक मंच से अभद्र भाषा का आरोप

पुलिस को दी तहरीर में प्रांचल नौनी ने बताया कि 11 अप्रैल को डीएवी (पीजी) कॉलेज, देहरादून में छात्रसंघ कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें गायक को प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान गायक ने भरे मंच से सैकड़ों छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों के सामने बार-बार अभद्र एवं अश्लील भाषा का प्रयोग किया।

तहरीर में कहा गया है कि घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया है, जिससे व्यापक आक्रोश व्याप्त है। शिकायतकर्ता के अनुसार, यह घटना एक शैक्षणिक परिसर में हुई, जिससे कॉलेज और शहर की छवि प्रभावित हुई है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य या गीत) और धारा 352 (जानबूझकर अपमान कर सार्वजनिक शांति भंग करने के लिए उकसाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

शिकायतकर्ता ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों के साथ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन और थाना घेराव किया जाएगा।

इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो

कार्यक्रम से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। देहरादून सहित उत्तराखंड और अन्य राज्यों में भी इस मामले को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *