बकरीद पर देहरादून में उत्साह, मस्जिदों में अदा हुई नमाज; दून पुलिस ने किए कड़े सुरक्षा इंतजाम

MDDA Advertisement

देहरादून: त्याग, बलिदान और भाईचारे का पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) आज पूरे उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाया जा रहा है। देहरादून समेत उत्तराखंड के विभिन्न जिलों की मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह से नमाज अदा की जा रही है। पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए दून पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पूरे शहर को 5 जोन, 11 सेक्टर और 35 सब सेक्टर में बांटा गया है।

बकरीद को लेकर मुस्लिम समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला। बुधवार को दिनभर बाजारों में खरीदारी का दौर जारी रहा। पलटन बाजार, धामावाला, चकराता रोड समेत शहर के प्रमुख बाजारों में देर रात तक भारी भीड़ रही। कपड़ों, सेवइयों, इत्र और अन्य सामानों की दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। वहीं मंडियों में भी बकरों की खरीदारी को लेकर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही।

आज सुबह से शहर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में अलग-अलग समय पर नमाज अदा की जा रही है। मुख्य नमाज चकराता रोड स्थित ऐतिहासिक ईदगाह में सुबह 7:30 बजे अदा की गई, जहां हजारों की संख्या में अकीदतमंद पहुंचे। इसके अलावा सुभाष नगर माजरा ईदगाह में सुबह 7 बजे, मुस्लिम कॉलोनी ईदगाह में 7:15 बजे, पलटन बाजार जामा मस्जिद में सुबह 8 बजे, धामावाला बाजार जामा मस्जिद में सुबह 7 बजे, नया नगर इनामुल्लाह बिल्डिंग जामा मस्जिद में 7:45 बजे और ईसी रोड जामा मस्जिद में सुबह 7 बजे नमाज अदा की गई।

देहरादून के शहर काजी मुफ्ती हशीम अहमद कासमी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ईद की नमाज, कुर्बानी और तमाम धार्मिक कार्य शरीअत, सफाई और कानून के दायरे में रहकर किए जाएं। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के बाद साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और जानवरों के अवशेष खुले स्थानों पर न डाले जाएं, ताकि किसी को परेशानी न हो।

ईद-उल-जुहा पर्व को लेकर दून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरे शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है, जबकि सेक्टरों में निरीक्षक और थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा सब सेक्टरों में उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी तैनात किए गए हैं।

संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस लगातार गश्त कर रही है। सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और हल्का प्रभारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने खुले में कुर्बानी देने और जानवरों के अवशेष खुले में ले जाने पर रोक लगाई है। साथ ही मुस्लिम समुदाय से निर्धारित स्थानों पर ही कुर्बानी देने और सड़क पर नमाज न पढ़ने की अपील की गई है।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पूर्व में विवादों में शामिल रहे तथा गौकशी और अवैध पशु कटान से जुड़े लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि कोई भी व्यक्ति अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाकर माहौल खराब न कर सके। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने भी अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का सोशल मीडिया सेल पूरी तरह सक्रिय रहे और भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने या शांति भंग करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आईजी ने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी नई परंपरा या प्रथा की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी कार्यक्रम पूर्व वर्षों की परंपराओं और निर्धारित एसओपी के अनुसार ही संपन्न कराए जाएंगे।

बकरीद के मौके पर पूरे शहर में भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *