देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बृहस्पतिवार से तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला देहरादून दौरा है, जिसे लेकर भाजपा संगठन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय तक जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नितिन नवीन बृहस्पतिवार शाम 4:35 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे। शाम 6:15 बजे से प्रदेश कार्यालय में कोर कमेटी की बैठक होगी, जिसके बाद मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। भाजपा की ओर से एयरपोर्ट से प्रदेश कार्यालय तक करीब 25 स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम तय किए गए हैं। इस दौरान युवा और महिला कार्यकर्ता पारंपरिक वेशभूषा में स्वागत करेंगे।
शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष सबसे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात करेंगे।
इसके बाद सुबह 11 बजे राजपुर रोड स्थित वेलकम होटल में बैठकों का दौर शुरू होगा। सबसे पहले सांसदों और विधायकों के साथ बैठक होगी। दोपहर दो बजे से प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, महामंत्रियों, जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक चर्चा की जाएगी।
शाम चार बजे से राष्ट्रीय अध्यक्ष महापौरों, नगर पालिका अध्यक्षों, नगर पंचायत अध्यक्षों, जिला पंचायत अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ बैठक भी प्रस्तावित है।
शाम को नितिन नवीन ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचेंगे, जहां वह गंगा आरती में शामिल होंगे और संत समाज के साथ संवाद करेंगे।
दौरे के अंतिम दिन शनिवार को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वह बूथ संख्या 141 के बूथ अध्यक्ष के डाकरा, गढ़ी कैंट स्थित आवास पर जलपान करेंगे। वहां से बूथ समिति 138 दुर्गामल्ल मंडल की बैठक में हिस्सा लेंगे।
सुबह 11 बजे वह सिंघनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित कॉन्क्लेव में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर दो बजे मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।
तीन दिवसीय दौरे के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार शाम 4:35 बजे देहरादून एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।