देहरादून | देहरादून पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रेमनगर क्षेत्र में हुई छात्र की मौत के मामले में फरार चल रहे दो ईनामी अभियुक्तों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, 23 मार्च 2026 की रात केहरी गांव, प्रेमनगर में छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी उपचार के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा अपराध संख्या 55/26 धारा 3(5)/61(2)/103(1)/191(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पहले हो चुकी थी 4 आरोपियों की गिरफ्तारी
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों —
युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल, शिवम शर्मा और अंकित भारद्वाज — को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पूछताछ और विवेचना के दौरान दो अन्य आरोपियों के नाम सामने आए थे, जो घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
एसएसपी ने घोषित किया था इनाम
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी देहरादून ने दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार विभिन्न राज्यों में दबिश दे रही थीं।
पश्चिम बंगाल के पुरूलिया से गिरफ्तारी
थाना प्रेमनगर और एसओजी की संयुक्त टीम ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों आरोपियों को आकाश रिसॉर्ट, पुरूलिया (थाना बांगमुण्डी), पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:
प्रहलाद राज पुत्र विनय सिंह, निवासी नवादा (बिहार), हाल निवासी सैनिक कॉलोनी फेज-2, प्रेमनगर, देहरादून (मुख्य अभियुक्त)
अंकुर सिंह पुत्र पुरुषोत्तम कुमार, निवासी गोपालपुर (बिहार), हाल निवासी सैनिक कॉलोनी फेज-2, प्रेमनगर, देहरादून
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया जा रहा है।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में व0उ0नि0 अनीत कुमार, उ0नि0 सैंकी चौधरी (एसओजी), उ0नि0 प्रवीण सैनी, सहित थाना प्रेमनगर, एसओजी, पटेलनगर और नेहरू कॉलोनी के पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सक्रिय और वांछित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।