हरिद्वार में 2027 अर्धकुंभ की तैयारी शुरू, धामी सरकार ने बनाया मास्टर प्लान

हरिद्वार: उत्तराखंड की धामी सरकार ने 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्धकुंभ मेले की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में एक उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह मेला दिव्य और भव्य होना चाहिए।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्धकुंभ केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति और पहचान का प्रतीक है। इसलिए इस बार की तैयारी मास्टर प्लान को ध्यान में रखते हुए की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था, बिजली-पानी की आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएँ और सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।

 

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और साधु-संत देश-विदेश से पहुंचेंगे, ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। हरिद्वार और आसपास के अस्पतालों को अपग्रेड करने, अस्थाई स्वास्थ्य शिविर लगाने और एम्बुलेंस सेवाएँ 24 घंटे उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है।

 

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क चौड़ीकरण, पार्किंग की व्यवस्था और गंगा घाटों का सौंदर्यीकरण प्राथमिकता से किया जाए। इसके अलावा तकनीक का इस्तेमाल कर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा।

 

बैठक में कैबिनेट मंत्रियों और प्रमुख अधिकारियों ने भी भाग लिया। सरकार का कहना है कि समय रहते सभी तैयारियां शुरू कर दी जाएँगी, ताकि 2027 का अर्धकुंभ मेला बिना किसी परेशानी के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *