हल्द्वानी में अमेजन गोदाम में भीषण आग, दो कर्मचारियों की जिंदा जलकर मौत

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रामपुर रोड स्थित अमेजन के गोदाम में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई। दोनों कर्मचारी घटना के समय गोदाम के भीतर सो रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

 

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 12:50 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि रामपुर रोड स्थित शीतल होटल के सामने बने अमेजन गोदाम से आग की ऊंची लपटें उठ रही हैं। सूचना मिलते ही थाना हल्द्वानी पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। अग्निशमन कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोका और उस पर पूरी तरह नियंत्रण पाया।

 

आग बुझाने के बाद जब पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने गोदाम के भीतर सर्च ऑपरेशन चलाया तो वहां दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसी हुई अवस्था में मिले। अत्यधिक धुएं और आग की चपेट में आने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

 

मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र प्रसाद पुत्र सदी राम, निवासी बागजाला गौलापार तथा 25 वर्षीय अमित आर्य पुत्र प्रताप राम, निवासी पंचायत घर के पास रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची थी। समय रहते आग को फैलने से रोक लिया गया, लेकिन दो कर्मचारियों को बचाया नहीं जा सका।

 

वहीं एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 

इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं क्षेत्र में भी शोक की लहर है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *