हरिद्वार नगर निगम बोर्ड बैठक में कई अहम प्रस्ताव, बदले जा सकते हैं शहर के कई क्षेत्रों के नाम

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार की बोर्ड बैठक सोमवार, 28 सितंबर को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में प्रस्तावित है। बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों के प्रचलित नाम बदलने, पार्किंग, विज्ञापन, अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था और निगम की संपत्तियों के उपयोग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी। बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद शहर के कुछ क्षेत्रों के नाम बदलने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।

 

नगर निगम के एजेंडे के अनुसार, चमगादड़ टापू का नाम गंगा द्वीप, रोड़ी बेलवाला का हरि वन, गड्ढा पार्किंग का अलकनंदा पार्किंग, उत्तम बस्ती का उत्तम नगर और कबाड़ी बस्ती का सुंदर बस्ती किए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। इन नामों को बदलने के पीछे क्षेत्रों को नए और उचित नाम दिए जाने का तर्क दिया गया है।

 

बैठक में नगर निगम से जुड़े लंबित वादों के त्वरित निस्तारण के लिए विधि प्रकोष्ठ के गठन का प्रस्ताव भी रखा गया है। इसके अलावा किन्नर बधाई शुल्क निर्धारित करने के लिए उपविधि बनाए जाने पर भी बोर्ड विचार करेगा।

 

महापौर कार्यालय परिसर में अतिथिगृह, व्यावसायिक कांप्लेक्स और गंगा म्यूजियम बनाए जाने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है। वहीं, पुरानी कचहरी में अतिथिगृह अथवा व्यावसायिक कांप्लेक्स के निर्माण पर भी चर्चा होगी।

 

नगर निगम क्षेत्र की सभी पार्किंग की निविदा का अधिकार नगर निगम हरिद्वार में निहित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। इसी तरह शहर में लगाए जाने वाले सभी यूनिपोल विज्ञापनों का अधिकार भी निगम के अधीन किए जाने का प्रस्ताव है।

 

बैठक में शहर के डिवाइडर पोल और विभिन्न कंपनियों के जगह-जगह लटके तारों को हटाने, नगर निगम की सीमाओं पर स्वागत द्वार बनाने तथा पन्नालाल भल्ला म्यूनिसिपल कॉलेज परिसर में विधि महाविद्यालय अथवा उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित किए जाने से जुड़े प्रस्ताव भी रखे जाएंगे।

 

संपत्ति अनुभाग के तहत ग्राम सराय स्थित खरीदी गई भूमि की सेल डीड निरस्त करने और भूमि खरीद के लिए भुगतान की गई धनराशि नगर निगम के खाते में वापस प्राप्त करने संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार होना है।

 

इसके अलावा मां मनसा देवी रोपवे के संचालन और अनुरक्षण की अवधि बढ़ाने की स्वीकृति तथा आगामी निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक अवधि बढ़ाने से संबंधित मामला भी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *