देहरादून। बैंक यूनियनों की तीन दिवसीय हड़ताल के चलते इस रविवार को बैंकों को खोलने का फैसला लिया गया है। ऐसे में ग्राहक बैंक शाखाओं में पहुंचकर अपने बैंकिंग से जुड़े जरूरी काम करा सकेंगे। बैंक शाखाओं के साथ एटीएम-लिंक शाखाओं समेत अन्य बैंकिंग सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
बैंक हड़ताल को लेकर उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। यूनियनों ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल से पहले शनिवार और रविवार को भी बैंक अवकाश होने के कारण लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी।
उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानी को देखते हुए हड़ताल के दौरान रविवार को बैंक खोलने का निर्णय लिया गया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के संयोजक इंद्र सिंह रावत ने बताया कि 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में नकद लेनदेन समेत कई सेवाएं प्रभावित रहेंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निर्देश पर रविवार को बैंक शाखाएं खोली जाएंगी।
वहीं, हड़ताल के दौरान एटीएम से पैसे निकालने को लेकर भी उपभोक्ताओं को राहत मिलने की बात कही गई है। बताया गया है कि 28 से 30 सितंबर तक किसी भी बैंक के एटीएम से लेनदेन करने पर शुल्क नहीं लगेगा।