देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। जाते हुए मानसून के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 26 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में जिलाधिकारियों ने 26 सितंबर, शनिवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।

पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलाधिकारियों की ओर से जारी आदेश के अनुसार, दोनों जिलों में 26 सितंबर को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके मद्देनजर कक्षा एक से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार, 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक प्रदेश में, खासकर कुमाऊं क्षेत्र में, हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर गर्जन के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
26 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 27, 28, 29 और 30 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
वहीं, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। 4,000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 26 से 28 सितंबर के बीच बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ने के साथ ही मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।