नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स की होड़ एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह Reel नहीं, बल्कि एक थप्पड़ है जो रील बनाते-बनाते लड़की को असलियत का सबक दे गया।
घटना का वीडियो वायरल हो चुका है, जिसमें एक युवती चलती ट्रेन के दरवाजे पर खड़ी होकर Instagram Reel बना रही थी। कैमरा ऑन था, पोज़ परफेक्ट था, लेकिन तभी पीछे से उसकी मां आई और ज़ोरदार तमाचा जड़ दिया। लड़की हैरान रह गई और वीडियो वहीं कट गया, लेकिन सोशल मीडिया पर ये वीडियो आग की तरह फैल गया।

इस वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं और यूजर्स जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे ‘मां की सीख’ बता रहा है तो कोई कह रहा है कि “इंफ्लुएंसर बनने के चक्कर में ज़िंदगी से मत खेलो।”
बताया जा रहा है कि यह घटना भारत के किसी रेलवे स्टेशन की है, हालांकि सटीक लोकेशन अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। वीडियो में दिख रही लड़की चलती ट्रेन के दरवाजे पर लटक कर शूट कर रही थी, जो रेलवे नियमों के साथ-साथ जानलेवा भी हो सकता है।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) भी ऐसे स्टंट्स पर पहले ही चेतावनी दे चुका है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, चलती ट्रेन पर स्टंट या रील बनाना कानूनन अपराध है और इससे न सिर्फ जान को खतरा होता है, बल्कि अन्य यात्रियों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।