रामनगर: सोशल मीडिया एक बार फिर दो दिलों को जोड़ने का जरिया बना है। कनाडा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही एक 19 वर्षीय युवती को इंस्टाग्राम के जरिए उत्तराखंड के नैनीताल जिले के एक युवक से प्यार हो गया। बातचीत का सिलसिला कुछ ही महीनों में इतना गहरा हो गया कि युवती ने अपना देश छोड़ दिया और सात समंदर पार आकर रामनगर ब्लॉक के मालधनचौड़ निवासी युवक से शादी कर ली।
जानकारी के मुताबिक, युवक 12वीं पास है और सोशल मीडिया के जरिए कनाडा की युवती से संपर्क में आया था। दोनों की बातचीत पहले चैट और फिर वीडियो कॉल तक पहुंची। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए और युवती ने भारत आने का फैसला कर लिया। वह बीते 10 जुलाई को बिना परिवार को बताए कनाडा से दिल्ली होते हुए भारत पहुंची और यहां से सीधे उत्तराखंड के मालधनचौड़ आई।
रविवार को युवती ने युवक से मुलाकात की और अगले ही दिन यानी सोमवार को स्थानीय मंदिर में शादी रचा ली। शादी की खबर जैसे ही युवती के परिजनों को मिली, उन्होंने हैदराबाद पुलिस में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी। इसके बाद परिजन पुलिस टीम के साथ उत्तराखंड पहुंचे और रामनगर कोतवाली में दोनों को ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार, युवती और युवक दोनों ही बालिग हैं और अपनी मर्जी से शादी कर चुके हैं। दोनों का बयान दर्ज किया गया, जिसमें उन्होंने बताया कि यह विवाह उनके आपसी सहमति से हुआ है। ऐसे में कोई कानूनी अड़चन नहीं पाई गई और परिवार को समझा-बुझाकर शांत किया गया।
यह प्रेम कहानी जहां एक ओर सोशल मीडिया की ताकत को दिखाती है, वहीं यह भी बताती है कि आज के दौर में प्यार सरहदें नहीं देखता। कनाडा की पढ़ी-लिखी छात्रा का एक छोटे से गांव के युवक से शादी करना अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।