बेंगलुरु में नौकरी का झांसा देकर ले जाई जा रही थीं 56 लड़कियां, इस स्टेशन से रेस्क्यू

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

न्यू जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल):न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर बीती रात रेल पुलिस और आरपीएफ (रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स) की सतर्कता से मानव तस्करी की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया। विभिन्न ट्रेनों में सफर कर रही 56 लड़कियों को बचाया गया, जिन्हें कथित रूप से बेंगलुरु में नौकरी दिलाने के नाम पर बिहार से पश्चिम बंगाल लाया गया था।

 

जांच में सामने आया है कि सभी लड़कियों को एक ही एजेंट के ज़रिए बेंगलुरु में नौकरी देने का झांसा देकर ट्रेनों में चढ़ाया गया था। पुलिस को शक तब हुआ जब कई लड़कियों के हाथों पर एक जैसी जन्मतिथि लिखी मिली और वे यात्रा से संबंधित सामान्य सवालों के जवाब देने में हिचक रही थीं।

 

रेलवे सुरक्षा बल ने मौके से दो संदिग्ध एजेंटों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि यह मामला संगठित मानव तस्करी रैकेट से जुड़ा हो सकता है, जो देश के अलग-अलग हिस्सों से लड़कियों को नौकरी के नाम पर फंसा कर दूसरे शहरों में भेजता है।

 

सभी लड़कियों को महिला संरक्षण केंद्र भेजा गया है और उनके परिवारों से संपर्क साधा जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि प्रारंभिक पूछताछ में लड़कियां डरी-सहमी थीं, लेकिन अब उन्हें सुरक्षा और काउंसलिंग दी जा रही है।

 

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि अगर वे किसी भी ट्रेन में संदिग्ध गतिविधि, समूह में सफर कर रही नाबालिग लड़कियों या गाइड जैसी भूमिका में किसी व्यक्ति को देखें, तो तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 या 112 नंबर पर सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *