देहरादून। डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति रामजी लाल ने पाटल से पत्नी के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना डालनवाला क्षेत्र की मोहनी रोड पर हुई। रामजी लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला है और करीब तीन महीने पहले काम की तलाश में देहरादून आया था। करीब 10 दिन पहले ही उसने मोहनी रोड क्षेत्र में पत्नी और तीन बच्चों के साथ किराये पर कमरा लिया था। पति-पत्नी दोनों राजमिस्त्री का काम करते थे।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह रामजी लाल काम पर नहीं गया था। इसको लेकर पत्नी ने उसे काम पर जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में रामजी लाल ने पाटल से पत्नी के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
मृतका की बहन सोनू पाल के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पहले किसी तरह के विवाद या मारपीट की जानकारी नहीं थी। हालांकि, रामजी लाल के नशे का आदी होने की बात सामने आई है और बताया जा रहा है कि घटना के समय भी उसने नशा किया हुआ था।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।