देहरादून में महंगाई की मार, 12 दिन में 22 रुपये बढ़े चीनी के दाम; आटा-तेल भी हुआ महंगा

MDDA Advertisement

देहरादून। महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। देहरादून में पिछले कुछ दिनों में चीनी, आटा, सरसों तेल और रिफाइंड के दामों में तेजी आई है। सबसे ज्यादा उछाल चीनी के दाम में देखने को मिला है। करीब 12 दिन में चीनी के फुटकर दाम 48 रुपये से बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।

 

चीनी के दाम में आधे माह से भी कम समय में 22 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। वहीं गुड़ भी 50 रुपये से बढ़कर करीब 70 रुपये किलो हो गया है। मिश्री के दाम भी 55 रुपये से बढ़कर 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। अचानक बढ़े दामों से आम लोगों के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ रहा है।

 

आढ़त बाजार के थोक व्यापारी विनोद कुमार गोयल के अनुसार, चक्की और ब्रांडेड आटे के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है। करीब 15 दिन पहले चक्की आटे की 10 किलो पैकिंग थोक में 285 रुपये में मिल रही थी, जो अब 315 रुपये हो गई है। चक्की आटा थोक में 335 रुपये तक उपलब्ध है, जबकि फुटकर बाजार में इसकी कीमत करीब 42 से 44 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।

 

ब्रांडेड आटे के दामों में भी करीब 10 से 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। खाद्य तेलों के दामों में भी तेजी आई है। सरसों तेल के 15 लीटर के टीन के थोक भाव में करीब 300 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पहले 2200 रुपये में मिलने वाला टीन अब 2500 रुपये तक पहुंच गया है। कुछ थोक बाजारों में इसके दाम 2700 रुपये तक बताए जा रहे हैं।

 

इसी तरह 15 लीटर रिफाइंड तेल के टीन पर भी करीब 270 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। 1930 रुपये में मिलने वाला रिफाइंड अब करीब 2200 रुपये में बिक रहा है। फुटकर बाजार में सरसों तेल की कीमत 190 से 200 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है।

 

लगातार बढ़ रहे खाद्य पदार्थों के दामों से आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है। चीनी, आटा और खाद्य तेल जैसी रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं के महंगे होने से आने वाले दिनों में घरेलू रसोई का बजट और प्रभावित होने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *