चीनी की बढ़ती कीमत और E20 पेट्रोल के विरोध में सड़कों पर उतरी कांग्रेस, केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

MDDA Advertisement

देहरादून। लगातार बढ़ रही चीनी की कीमतों और E20 पेट्रोल को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने शनिवार को देहरादून में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने ईस्ट कैनाल रोड स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आक्रोश जताया।

 

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। रोजमर्रा की जरूरतों में शामिल चीनी की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि करीब एक महीने पहले चीनी 44 से 45 रुपये प्रति किलो मिल रही थी, जो अब बढ़कर 65 से 66 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।

 

धस्माना ने आरोप लगाया कि इथेनॉल मिश्रण की नीति के कारण गन्ने की उपलब्धता प्रभावित हुई है, जिसका असर चीनी मिलों और चीनी के उत्पादन पर पड़ रहा है। कांग्रेस ने कहा कि चीनी की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है।

 

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने E20 पेट्रोल को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। पार्टी नेताओं का आरोप है कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के इस्तेमाल को लेकर वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई वाहनों में खराबी की शिकायतें सामने आई हैं। इसी वजह से कांग्रेस ने E20 पेट्रोल का मुद्दा सीधे जनता के बीच उठाने के लिए पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन किया।

 

कांग्रेस नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का हवाला देते हुए कहा कि इसके बावजूद देश में पेट्रोल की कीमतों और उपभोक्ताओं पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को कम नहीं किया गया है। पार्टी ने केंद्र सरकार पर आम जनता की मेहनत की कमाई पर अतिरिक्त बोझ डालने का आरोप लगाया।

 

कांग्रेस ने ऐलान किया कि चीनी की बढ़ती कीमत और E20 पेट्रोल के मुद्दे को लेकर आंदोलन को अब पूरे उत्तराखंड में विस्तार दिया जाएगा। पार्टी के अनुसार प्रदेश के अलग-अलग शहरों, जिलों और कस्बों में चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन किए जाएंगे। कांग्रेस ने देहरादून के प्रदर्शन को प्रदेशव्यापी आंदोलन की शुरुआत बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *