उत्तराखंड में मानसून का रौद्र रूप, बारिश और भूस्खलन का खतरा बरकरार

MDDA Advertisement

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बारिश की आशंका को देखते हुए 18 अगस्त को देहरादून जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

 

मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड के लिए 23 अगस्त तक मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और कहीं-कहीं तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।

 

उत्तराखंड में इन दिनों मानसून सक्रिय है। कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन के कारण सड़क मार्ग प्रभावित हो रहे हैं। कई जगह वाहनों को रास्ता खुलने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

 

बारिश के दौरान लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने और बिजली के उपकरणों को सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की अपील की गई है। नालियों और गटर को साफ रखने के साथ निचले इलाकों, नदी-नालों और पुलों के आसपास जाने से बचने को कहा गया है।

 

वाहन चालकों को पानी भरी सड़कों पर जाने से बचने और बारिश के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है। लोगों को बिजली के तारों, खंभों और टूटे पेड़ों से दूरी बनाए रखने तथा जरूरत पड़ने पर छाता या रेनकोट साथ रखने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *