विकासनगर। देहरादून जिले के विकासनगर-त्यूणी क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टियूटाड के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक के मौके से गायब होने की बात सामने आने पर पुलिस मामले की अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन संख्या UK07-CB-6002 टियूटाड से त्यूणी की ओर जा रहा था। टियूटाड के समीप अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। स्थानीय ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कुलदीप शाह के नेतृत्व में त्यूणी पुलिस टीम और एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे। टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मृतक की पहचान खजान लाल (40) पुत्र दुर्भी लाल, ग्राम सुनकड़ी, पोस्ट सांकरी, थाना मोरी के रूप में हुई है। घायल की पहचान रविन लाल (34) पुत्र रकमू लाल, ग्राम सुचाणू, पोस्ट नेटवाड़, तहसील मोरी के रूप में हुई है।
हादसे के बाद मामले में एक अहम सवाल वाहन चालक को लेकर खड़ा हो गया है। वाहन मालिक के अनुसार, हादसे में मृतक और घायल दोनों वाहन चालक नहीं हैं। वहीं वाहन चालक का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पुलिस को आशंका है कि चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया हो।
थाना प्रभारी कुलदीप शाह ने बताया कि वाहन में तीन लोगों के सवार होने की बात सामने आ रही है, लेकिन मौके पर मिले मृतक और घायल में से कोई भी चालक नहीं है। पुलिस वाहन चालक की तलाश के साथ-साथ हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था और चालक घटना के बाद कहां गया।