देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की आयुष्मान परिसर स्थित डेंगू वार्ड में शनिवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय वार्ड में कोई मरीज मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब नौ बजे डेंगू वार्ड में अचानक आग लग गई। धुआं और आग दिखाई देने पर अस्पताल प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मी आशीष ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया।
समय रहते आग बुझा दिए जाने के कारण यह वार्ड और आसपास के हिस्से आग की चपेट में आने से बच गए। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने मौके का निरीक्षण किया और विद्युत व्यवस्था की जांच कराई। जांच के बाद स्थिति सामान्य मिलने पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक इलेक्ट्रिक उपकरणों में किसी तरह की खराबी नहीं मिली है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना भी नहीं है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि अधिक पावर लोड के कारण स्पार्किंग हुई, जिसके चलते शॉर्ट सर्किट से आग लगी। उन्होंने बताया कि उपकरणों की जांच में कोई खराबी नहीं मिली और पूरी व्यवस्था की जांच के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।