उत्तराखंड में आज होगी भारी बारिश, 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; देहरादून में कई इलाकों में जलभराव

उत्तराखंड मौसम। उत्तराखंड में शनिवार को बारिश का दौर और तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। चमोली, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में भी शुक्रवार रात से शनिवार तक बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

 

मौसम विभाग के निदेशक डॉ. राजेंद्र कुमार के मुताबिक शनिवार को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज से बहुत तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

 

शुक्रवार को देहरादून में हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। नगर निगम क्षेत्र के शुकुरपुर, अस्पताल रोड, धर्मपुर, डील रोड, प्रिंस चौक और डालनवाला समेत कई स्थानों पर सड़कें और आबादी वाले क्षेत्र पानी से भर गए। जलभराव के कारण लोगों को कार और स्कूटर से आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

जलभराव की सूचना मिलने के बाद नगर निगम की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं और पानी की निकासी का काम शुरू किया। नगर आयुक्त लोकेश कुमार पांडेय ने अधिकारियों को जलभराव की समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।

 

वहीं, बारिश के दौरान नगर निगम के आपदा कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठे हैं। बताया गया कि दोपहर बाद चार बजे तक शिकायत सुनने के लिए पर्याप्त कर्मचारी मौजूद नहीं थे। देर शाम रामकृष्ण झील क्षेत्र में जलभराव की शिकायत भी सामने आई।

 

बारिश के दौरान शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए नगर निगम की ओर से मोबाइल नंबर जारी किया गया है। हालांकि, कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती नहीं होने से शिकायतों को दर्ज करने और उन पर तत्काल कार्रवाई करने में परेशानी सामने आने की बात कही जा रही है।

 

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए आने वाले घंटों में प्रशासन और नगर निगम की चुनौती बढ़ सकती है। खासकर जलभराव वाले क्षेत्रों के साथ-साथ पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की स्थिति पर भी निगरानी बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *