देहरादून: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक रणनीति को धार देते हुए नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नई टीम में युवाओं और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने पर खास जोर दिया गया है। पार्टी के मुताबिक कार्यकारिणी में 40 प्रतिशत से अधिक युवा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है, ताकि संगठन में सेकंड लाइन लीडरशिप तैयार की जा सके।
नई कार्यकारिणी में लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय नेताओं और उनके परिवारों से जुड़े कुछ चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। इसे आगामी चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
नई कार्यकारिणी में हरीश रावत परिवार के कई चेहरे
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बड़े बेटे वीरेंद्र रावत और उनकी बेटी एवं विधायक अनुपमा रावत को प्रदेश कार्यकारी समिति में शामिल किया गया है। हरीश रावत खुद भी समिति में पहले से शामिल हैं।
वहीं पूर्व विधायक संजीव आर्य को एआईसीसी में राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी देने के साथ उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य का सह-प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के बेटे अभिषेक सिंह और वर्ष 2017 में कांग्रेस प्रत्याशी रहे प्रभुलाल बहुगुणा के बेटे अश्वनी बहुगुणा को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि जनता के बीच सक्रिय रहने वाले युवाओं के अनुभव और ऊर्जा का लाभ संगठन को आगामी चुनाव में मिलेगा।
अब मीडिया और सोशल मीडिया टीम पर नजर
प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन के बाद अब पार्टी के मीडिया, सोशल मीडिया और डेटा एनालिसिस विभागों में नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक नई मीडिया टीम में एक मुख्य मीडिया संयोजक के साथ 8 से 10 प्रवक्ताओं का पैनल बनाया जा सकता है। वर्तमान में राजीव महर्षि मीडिया चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनके अनुभव को देखते हुए पार्टी उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी दे सकती है।
चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा गठन
कांग्रेस की ओर से संगठन स्तर पर कार्यकारी समिति के अलावा घोषणापत्र समिति, अनुशासन समिति, एसआईआर समिति और आरोप पत्र समिति का गठन पहले ही किया जा चुका है। अब सोशल मीडिया और डेटा एनालिसिस समिति के गठन की तैयारी है।
पार्टी की कोशिश संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ-साथ चुनावी मुद्दों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने की है। नई मीडिया और डेटा टीम को इसी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।