हरिद्वार में कांवड़ यात्रा का आखिरी दिन, बारिश के बीच उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब; 3.80 करोड़ कांवड़िए रवाना

हरिद्वार: कांवड़ यात्रा के आखिरी दिन सोमवार को धर्मनगरी हरिद्वार पूरी तरह शिवमय नजर आई। सुबह से ही हरकी पैड़ी समेत कांवड़ मार्गों, हाईवे और शहर की आंतरिक सड़कों पर शिवभक्तों की भारी भीड़ दिखाई दी। बारिश के बावजूद कांवड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्यों की ओर रवाना होते रहे।

 

बारिश में भी नहीं रुके कांवड़ियों के कदम

 

सोमवार सुबह करीब आठ बजे से हरिद्वार में बारिश शुरू हो गई। झमाझम बारिश के बीच भी कांवड़िए यात्रा पूरी करने के लिए आगे बढ़ते नजर आए। कई शिवभक्त बारिश में भीगते हुए गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

 

कांवड़ मेले के अंतिम चरण में डाक कांवड़ वाहनों की आवाजाही भी लगातार जारी है। दोपहिया वाहनों से भी बड़ी संख्या में कांवड़िए हरिद्वार पहुंच रहे हैं और हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर वापस लौट रहे हैं।

 

हरिद्वार-नजीबाबाद और दिल्ली हाईवे पर दबाव

 

डाक कांवड़ के चलते हरिद्वार-नजीबाबाद, हरिद्वार-दिल्ली और अन्य प्रमुख मार्गों पर कांवड़ वाहनों का दबाव बना हुआ है। हाईवे से लेकर शहर की सड़कों तक जगह-जगह कांवड़ियों की भीड़ दिखाई दे रही है।

 

भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं। चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

 

सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में भी उमड़ी भीड़

 

सोमवार को सावन का दूसरा सोमवार होने के कारण हरिद्वार के प्रमुख शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। हरकी पैड़ी, कनखल स्थित दक्ष मंदिर, बिलकेश्वर मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे।

 

श्रद्धालुओं ने गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। वहीं, हरिद्वार की सड़कों पर लगातार ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे।

 

अब तक 3.80 करोड़ कांवड़िए गंगाजल लेकर रवाना

 

प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, कांवड़ मेला शुरू होने के बाद अब तक 3 करोड़ 80 लाख 18 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्यों के लिए रवाना हो चुके हैं।

 

पिछले साल करीब चार करोड़ कांवड़िए हरिद्वार पहुंचे थे। इस बार प्रशासन ने कांवड़ियों की संख्या करीब पांच करोड़ तक पहुंचने का अनुमान लगाया था। इसी के मद्देनजर पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

 

बारिश के बीच एसएसपी ने संभाली कमान

 

बारिश के बावजूद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

फिलहाल हरिद्वार से डाक कांवड़ वाहनों की रवानगी जारी है। वहीं दोपहिया वाहनों से आने वाले श्रद्धालु भी हरकी पैड़ी पहुंचकर गंगाजल भर रहे हैं। बारिश के बीच भी कांवड़ियों का उत्साह बरकरार है और धर्मनगरी में चारों ओर शिवभक्ति का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *