देवप्रयाग-पौड़ी रोड पर दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत; मासूम गंभीर घायल

पौड़ी: उत्तराखंड के देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर कुंडाधार के पास शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में एक महिला और दो बच्चे भी शामिल हैं।

 

हादसे की सूचना मिलते ही पौड़ी और टिहरी पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। खड़ी चढ़ाई और दुर्गम स्थान होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम ने सभी शवों को खाई से बाहर निकाल लिया है।

 

हरिद्वार से पौड़ी जा रहा था परिवार

 

जानकारी के अनुसार, परिवार हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र के ग्राम रायपुर जीतपुर का रहने वाला था। परिवार के सभी सदस्य बोलेरो वाहन से हरिद्वार से पौड़ी की ओर जा रहे थे। कुंडाधार के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब ढाई मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

 

हादसे में अफजाल (49), उनकी पत्नी शब्बो (40), गुफरान (34), शादाब (14) और तीन वर्षीय अनाविया की मौत हो गई। वहीं 16 वर्षीय अरहाम गंभीर रूप से घायल हुआ है।

 

हादसे में सिर्फ 16 वर्षीय अरहाम बचा

 

हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल अरहाम को 108 एंबुलेंस की मदद से पहले स्वास्थ्य केंद्र बागी देवप्रयाग पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

 

ओवरस्पीड बताई जा रही हादसे की वजह

 

थाना देवप्रयाग के एसआई रविंद्र भंडारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह वाहन की तेज गति बताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक जिस स्थान से वाहन खाई में गिरा, वहां सड़क काफी चौड़ी और पक्की है।

 

पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

 

हादसे की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी और टिहरी दोनों जिलों की पुलिस टीमों के साथ एसडीआरएफ को मौके पर भेजा गया। टीम ने खाई में उतरकर शवों और घायल को बाहर निकाला। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य ठेकेदारी, वेल्डिंग और मजदूरी से जुड़े काम करते थे। हादसे के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *