देहरादून में शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, जंगल से 11 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

देहरादून: थाना रायपुर पुलिस ने वाहन चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए 11 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी महंगे शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी करता था और चोरी के बाद वाहनों को जंगल में छिपाकर हरिद्वार लौट जाता था।

 

स्कूटी चोरी की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

 

31 जुलाई 2026 को रायपुर थाना क्षेत्र में अजय कुमार और अनिल कुमार ने अलग-अलग स्थानों से अपनी स्कूटी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

 

80 CCTV कैमरों की फुटेज से मिला सुराग

 

मामले की जांच के लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया और आसपास लगे करीब 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक की पहचान हुई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 1 अगस्त को महाराणा प्रताप चौक के पास एक पेट्रोल पंप के निकट आरोपी राकेश डबराल को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया।

 

जंगल में छिपाकर रखे थे चोरी के वाहन

 

पूछताछ में आरोपी ने देहरादून के विभिन्न इलाकों से वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जंगल में छिपाकर रखे गए 10 अन्य चोरी के दोपहिया वाहन भी बरामद कर लिए। इस तरह कुल 11 वाहन बरामद हुए।

 

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बरामद वाहनों में से दो वाहन नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र और एक वाहन डालनवाला थाना क्षेत्र से चोरी हुए थे। अन्य वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

 

जिले से बाहर बेचने की थी योजना

 

एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि आरोपी मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल का निवासी है और वर्तमान में हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में रह रहा था। वह पहले सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों की रेकी करता था और मौका मिलते ही चोरी कर लेता था। पुलिस की नजर से बचने के लिए चोरी के वाहनों को जंगल में छिपा देता था और हरिद्वार लौट जाता था। बाद में इन वाहनों को जिले से बाहर बेचने की योजना थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *