हल्द्वानी: हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि कोतवाली से करीब 200 मीटर दूर से 12 साल की बच्ची को दो युवक बहला-फुसलाकर ले गए। डेढ़ दिन तक दरिंदगी के बाद पीड़िता ने खुद परिजनों को फोन कर अपनी लोकेशन बताई। सूचना पर पुलिस ने शक्ति फार्म पहुंचकर बच्ची को बरामद किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
*ऐसे हुई वारदात*
कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला ने 29.07.2026 को बुधवार सुबह पुलिस को तहरीर दी। बताया कि मंगलवार रात बड़ी बहन से विवाद के बाद उनकी बेटी घर से बिना बताए चली गई थी। तलाश के बाद भी पता न चलने पर गुमशुदगी दर्ज की गई।
जांच में सीसीटीवी खंगालने पर बच्ची दो अलग-अलग युवकों के साथ दिखी। पुलिस ने पहचान की तो एक आरोपी कुसुमखेड़ा निवासी विक्रम सिंह उम्र 29 और दूसरा त्रिलोकपुर गौलापार निवासी सौरभ बिष्ट उम्र 21 निकला।
*फोन कर बताई लोकेशन, तब खुला राज*
30.07.2026 को बृहस्पतिवार दोपहर पीड़िता ने आरोपी के मोबाइल से परिजनों को कॉल किया और बताया कि वह शक्ति फार्म में है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया। मौके से सौरभ बिष्ट को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सौरभ ने बताया कि विक्रम सिंह बच्ची को बर्फ वाली गली से अपनी कार में बिठाकर स्टूडियो ले गया था। वहां रात में दुष्कर्म करने के बाद सुबह उसे फिर बर्फ वाली गली में छोड़ दिया। इसके बाद बच्ची डीके पार्क पहुंची, जहां सौरभ मिला और उसे शक्ति फार्म ले जाकर उसने भी दुष्कर्म किया।
*पुलिस की कार्रवाई*
पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 65(1), 115(2), 352 और पोक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। विक्रम द्वारा इस्तेमाल की गई कार को बरामद कर सीज कर दिया गया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
*सवालों में घिरी पुलिस*
मामले में पुलिस की शुरुआती जांच पर सवाल उठ रहे हैं। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद 12 घंटे तक पुलिस सीसीटीवी और फुटेज में ही उलझी रही। अगर पीड़िता खुद लोकेशन नहीं बताती तो बरामदगी में और देरी हो सकती थी।
*गिरफ्तार आरोपी*
1. विक्रम सिंह पुत्र खुशाल सिंह, निवासी हरिपुरनायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, नैनीताल, उम्र 29 वर्ष
2. सौरभ बिष्ट पुत्र उमेद सिंह बिष्ट, निवासी त्रिलोकपुर दानी, गौलापार, काठगोदाम, नैनीताल, उम्र 21 वर्ष