रायचूर (कर्नाटक): सेल्फी के बहाने एक पत्नी ने अपने पति को पुल से नदी में धक्का दे दिया। यह चौंकाने वाली घटना कर्नाटक के रायचूर जिले में कृष्णा नदी पर बने गुरजापुर बैराज पुल पर सामने आई है। हादसा वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गनीमत रही कि समय रहते आसपास मौजूद लोगों ने युवक को डूबने से बचा लिया।

जानकारी के मुताबिक, रायचूर के शक्ति नगर स्थित लेबर कॉलोनी निवासी तातप्पा और उसकी पत्नी गद्देम्मा कुछ दिन पहले शादी के बाद घूमने निकले थे। 11 जुलाई को दोनों गुरजापुर पुल पर पहुंचे। यहां सेल्फी लेने के बहाने पत्नी ने तातप्पा को रेलिंग की ओर बुलाया और अचानक उसे पीछे से धक्का दे दिया। तातप्पा नदी में जा गिरा और खुद को बचाने के लिए पानी में संघर्ष करता रहा।

उसकी चीख सुनकर वहां मौजूद कुछ राहगीर और मछुआरे तुरंत हरकत में आए। उन्होंने रस्सी फेंककर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
बचाव के बाद तातप्पा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी पत्नी ने जानबूझकर उसे मारने की कोशिश की। वहीं पत्नी ने शुरुआत में दावा किया कि यह एक दुर्घटना थी और उसका पति फिसलकर गिर गया, लेकिन CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि उसने पीछे से धक्का दिया।

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। दोनों की शादी इसी साल 18 अप्रैल को हुई थी। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच किसी विवाद की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो की पुष्टि के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।