हरिद्वार में बेरागी डाक कैंप की शुरुआत, लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

हरिद्वार: श्रावण मास में शिवभक्तों की भीड़ हरिद्वार में लगातार बढ़ रही है और अब बेरागी डाक शिविर की शुरुआत के साथ ही यह संख्या कई गुना बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने बताया कि यह विशेष शिविर सोमवार से शुरू होकर करीब 10 से 12 दिनों तक चलेगा। ऐसे में अगले कुछ दिनों में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है।

 

अब तक हरिद्वार से करीब 4 लाख से अधिक श्रद्धालु गंगाजल लेकर,रवाना हो चुके हैं। गंगा स्नान और जल भरने के लिए हर की पौड़ी, कनखल और अन्य प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बनी हुई है। बेरागी डाक कैंप के दौरान हर दिन लगभग दो से तीन लाख शिवभक्तों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

 

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के लिए विशेष इंतज़ाम किए हैं। कैंप क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, हेल्प डेस्क, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है। नगर निगम की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं। इसके अलावा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ा दी गई है।

 

 

हरिद्वार में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर अस्थायी पार्किंग क्षेत्र बनाए गए हैं। रोडवेज और निजी बस ऑपरेटरों को अतिरिक्त फेरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर सूचना केंद्र भी बनाए गए हैं, जिससे बाहर से आने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

 

प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे संयम और अनुशासन के साथ दर्शन और गंगाजल भरने की प्रक्रिया को पूरा करें। भीड़भाड़ वाले समय में हर की पौड़ी जैसे प्रमुख स्थानों पर जाने से बचें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि कोई दुर्घटना न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *