पौड़ी: अयोध्या राम मंदिर और बदरीनाथ धाम के चढ़ावा एवं दान से जुड़े कथित अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कीर्तिनगर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हनुमान मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर धार्मिक संस्थानों से जुड़े वित्तीय मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
कार्यक्रम से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कीर्तिनगर के नए पुल से पुराने पुल तक पैदल मार्च निकाला और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद हनुमान मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर देश में सत्य, न्याय और पारदर्शिता की स्थापना की प्रार्थना की।
जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग के अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम मंदिर, केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। यदि इन धार्मिक स्थलों से जुड़े चंदे या संपत्ति में किसी प्रकार की अनियमितता के आरोप सामने आते हैं, तो उनकी निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर जनता के विश्वास के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि धार्मिक संस्थानों से जुड़े वित्तीय मामलों में गंभीर सवाल उठ रहे हैं और इनकी स्वतंत्र जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए। यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं के चढ़ावे और दान की राशि के उपयोग का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक करने की भी मांग की। उनका कहना था कि धार्मिक संस्थानों में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहे।
गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी के मामले की जांच जारी है। शासन द्वारा गठित उच्चस्तरीय जांच समिति मामले की पड़ताल कर रही है। वहीं, इस मामले में बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।