गढ़वाल को मिली दो बड़ी सौगातें: 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन, लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर वाहनों को मंजूरी

पौड़ी: गढ़वाल क्षेत्र के लिए सोमवार का दिन दोहरी खुशखबरी लेकर आया। गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने क्षेत्रवासियों को दो महत्वपूर्ण सौगातों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू होगी। वहीं, सुप्रीम कोर्ट की सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) की मंजूरी के बाद लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर अधिकांश आवश्यक वाहनों के संचालन का रास्ता भी साफ हो गया है।

सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि लंबे समय से चली आ रही जन मांग को देखते हुए 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया जा रहा है। शुरुआती चरण में यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसके संचालन को सप्ताह में चार या पांच दिन तक बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि कॉर्बेट नेशनल पार्क के प्रवेश द्वार के रूप में प्रसिद्ध रामनगर उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। नई रेल सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी देहरादून तथा राज्य के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। सांसद ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रयासों को दिया।

सांसद ने दूसरी बड़ी उपलब्धि के रूप में बताया कि सुप्रीम कोर्ट की सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) ने लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर व्यावसायिक वाहनों को लेकर बनी असमंजस की स्थिति को समाप्त कर दिया है। इसके बाद इस मार्ग पर सवारी वाहन, सरकारी बसें, जीएमओयू (GMOU) बसें, स्कूल बसें, किसानों के ट्रैक्टर तथा भवन निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों के संचालन की अनुमति मिल गई है।

उन्होंने कहा कि इस फैसले से क्षेत्र के हजारों लोगों, छात्रों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी। साथ ही लंबे समय से चली आ रही परिवहन संबंधी समस्याओं का समाधान होगा और क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा तथा जनसुविधाओं को नई गति मिलेगी।

सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि धनगढ़ी पुल के लोकार्पण के बाद ये दोनों फैसले गढ़वाल के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे और क्षेत्र की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *