टिहरी में धर्म परिवर्तन के आरोप से हड़कंप, वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस

MDDA Advertisement

टिहरी गढ़वाल: टिहरी जिले के जाखणीधार विकासखंड के कैथोली गांव में कथित धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि एक परिवार द्वारा क्रिश्चियन सत्संग के नाम पर 30 से 40 लोगों का धर्म परिवर्तन कराया गया। मामले को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि चंद्रबदनी धाम के मुख्य मार्ग के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने सड़क पर अतिक्रमण कर निर्माण किया है। साथ ही उसके धार्मिक और सामाजिक दस्तावेजों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप लगाने वालों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति अलग-अलग परिस्थितियों में अपनी अलग पहचान बताता है। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग

 

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि यदि क्षेत्र में धर्म परिवर्तन, अतिक्रमण या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि हो रही है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। प्रशासन की ओर से फिलहाल मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

 

वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस

 

सीओ टिहरी महेश लखेड़ा ने बताया कि अंजनीसैण क्षेत्र से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें धर्म परिवर्तन के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है और तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं यदि कोई व्यक्ति भ्रामक या तथ्यहीन जानकारी प्रसारित करता पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

जांच रिपोर्ट का इंतजार

 

फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *