हरिद्वार: हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र में फ्लाईओवर के पास शनिवार देर रात रोडवेज बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
पुलिस के अनुसार, टनकपुर डिपो की रोडवेज बस नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जबकि पिकअप वाहन हरिद्वार से बिजनौर जा रहा था। फ्लाईओवर के मोड़ पर दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय पिकअप में 10 लोग सवार थे। टक्कर के बाद दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को जिला चिकित्सालय हरिद्वार पहुंचाया गया। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
तीन लोगों की मौत
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पिकअप सवार अहान (18) पुत्र शराफत निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद तथा एक अज्ञात करीब 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शराफत (42) और उनकी पत्नी शबाना (35) को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया।
अन्य घायलों में अन्नू (18) पुत्र मेहंदी हसन, सोनी लाल (25) पुत्र राम रहीश निवासी हरदोई तथा शमीम (42) पुत्र हसीनुद्दीन निवासी बिजनौर का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एक सप्ताह में दूसरा बड़ा हादसा
श्यामपुर थाना क्षेत्र के इसी नवनिर्मित फ्लाईओवर पर एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले इसी मार्ग पर हुए हादसे में एक बुजुर्ग दंपति और उनके पांच वर्षीय पोते की मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
पुलिस कर रही जांच
सीओ अवनि तिवारी ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।