इंदिरा अम्मा भोजनालय की थाली हो सकती है महंगी, 30 से बढ़ाकर 50 रुपये करने का प्रस्ताव भेजा गया

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून: उत्तराखंड में गरीबों को सस्ता भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई इंदिरा अम्मा भोजनालय योजना पर महंगाई का असर पड़ता दिखाई दे रहा है। देहरादून में इंदिरा अम्मा कैंटीन में मिलने वाली थाली की कीमत बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। अभी तक 30 रुपये में मिलने वाली थाली का दाम बढ़ाकर 50 रुपये करने की तैयारी है।

हालांकि, सरकार की ओर से अभी इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। संभावना जताई जा रही है कि सरकार सब्सिडी बढ़ाकर आम लोगों को राहत देने पर भी विचार कर सकती है, जिससे थाली की कीमत कम रखी जा सके।

महंगाई से घाटे में चल रही कैंटीन

उत्तराखंड में इंदिरा अम्मा कैंटीन योजना की शुरुआत वर्ष 2015 में की गई थी। इसका उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को कम कीमत पर भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को रोजगार देना था।

वर्तमान में कैंटीन में 30 रुपये की थाली उपलब्ध कराई जाती है, जिस पर सरकार की ओर से 10 रुपये की सब्सिडी दी जाती है। इसके चलते लोगों को यह थाली 20 रुपये में मिलती है।

लेकिन खाद्यान्न, सब्जियों और ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण कम कीमत पर भोजन उपलब्ध कराना संचालकों के लिए मुश्किल होता जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों ने भी लंबे समय से थाली की कीमत बढ़ाने की मांग उठाई थी, जिसके बाद इसे 50 रुपये करने का प्रस्ताव तैयार किया गया।

42 में से 19 कैंटीन बंद

इंदिरा अम्मा भोजनालय योजना के तहत प्रदेशभर में 100 कैंटीन खोलने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब तक केवल 42 कैंटीन ही शुरू हो सकीं। इनमें से भी 19 कैंटीन बंद हो चुकी हैं।

देहरादून जिले में 10 इंदिरा अम्मा कैंटीन में से पांच बंद हो चुकी हैं। इससे सस्ती थाली पर निर्भर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कई जिलों में अलग-अलग हैं थाली के दाम

सरकार की ओर से भले ही थाली की कीमत 20 रुपये तय की गई हो, लेकिन कई जिलों में इसके दाम अलग-अलग हैं।

पौड़ी मुख्यालय: इंदिरा अम्मा कैंटीन में थाली 50 रुपये में मिल रही है।

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर): यहां थाली की कीमत 80 रुपये तक पहुंच चुकी है।

हरिद्वार: एक कैंटीन संचालित है, जहां थाली 20 रुपये में मिल रही है।

अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़ और नैनीताल: कई स्थानों पर कैंटीन संचालन बंद हो चुका है।

शासन के फैसले का इंतजार

विकास भवन कार्यालय की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर अब शासन स्तर से निर्णय लिया जाना है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो इंदिरा अम्मा भोजनालय की थाली 20 रुपये से बढ़कर 50 रुपये तक पहुंच सकती है। हालांकि सरकार सब्सिडी बढ़ाकर कीमतों को नियंत्रित रखने पर भी विचार कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *