अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने प्रसिद्ध Jageshwar Dham पहुंचकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। दन्या में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अवैध गतिविधियों पर की जा रही कार्रवाई और धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों से कांग्रेस परेशान है।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां के लोगों की आस्था को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि धामों और मंदिरों के विकास से प्रदेश के युवाओं और महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। आदि कैलाश, जागेश्वर धाम और अन्य धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अवैध गतिविधियों पर सख्ती दिखाई है। अवैध मदरसों पर कार्रवाई, महिलाओं की सुरक्षा, सशक्त भू-कानून और समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने जैसे फैसलों से कांग्रेस असहज है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट बैंक की राजनीति करने वाली कांग्रेस को जनहित के ये फैसले रास नहीं आ रहे हैं।
जनसभा के दौरान सीएम धामी ने कांग्रेस नेता Rahul Gandhi पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खराब मौसम का हवाला देकर राहुल गांधी अल्मोड़ा नहीं पहुंच सके, जबकि सड़क मार्ग से भी यहां आया जा सकता था। उन्होंने इसे राजनीतिक नाटक करार दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस चुनावी मैदान में भी सक्रिय नजर नहीं आ रही है, जबकि भाजपा लगातार जनता के बीच जाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार और संगठन एकजुट होकर प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जागेश्वर धाम के लिए चल रहे 147 करोड़ रुपये के मास्टर प्लान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मानसखंड माला मिशन के तहत जागेश्वर, आदि कैलाश, कैंची धाम और कौसानी जैसे धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिल रही है। साथ ही हेली सेवा, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने पांडेखोला पहुंचकर शहीद लेफ्टिनेंट Bireeshwar Goswami के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।