चंपावत में बड़ा सड़क हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पिता-पुत्र गंभीर घायल

चंपावत। जिले के लोहाघाट तहसील क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बाराकोट के गल्लागांव-देवलीमाफी मोटर मार्ग पर बसौटी के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए।

 

जानकारी के अनुसार, ढटी गांव निवासी नवीन कुमार (44) अपने 18 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के साथ अल्टो कार संख्या UK 03 2484 से लोहाघाट से अपने गांव लौट रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे बसौटी के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

 

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर मलबा और कीचड़ जमा था। इसी वजह से वाहन फिसल गया और चालक नियंत्रण खो बैठा।

 

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला। बचाव अभियान में ललित सिंह बोहरा, गिरीश सिंह, गोपाल सिंह, सुरेश सिंह, मुकेश राम, नरेश राम, सुमन और भावना सहित कई स्थानीय लोगों ने अहम भूमिका निभाई।

 

घायलों को तत्काल उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी, डॉ. हिमांशु शरण, डॉ. रविंद्र बोहरा और डॉ. राजीव चौहान की टीम ने प्राथमिक उपचार किया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

 

अस्पताल पहुंचकर सांसद Ajay Tamta, विधायक Khushal Singh Adhikari, एसडीएम नीतू डांगर, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा और अन्य जनप्रतिनिधियों ने घायलों का हालचाल जाना तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

 

हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *