मुख्यमंत्री धामी ने 4,400 से अधिक श्रमिकों को दी बड़ी राहत, डीबीटी से बांटे 11 करोड़ रुपये

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 4,400 से अधिक श्रमिक लाभार्थियों के खातों में लगभग 11 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वन क्लिक के जरिए यह राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बोर्ड की विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा और शिक्षा सहायता योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित करने और श्रमिकों के कार्यस्थलों के निकट आवश्यक सामग्री वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, उनके आश्रित बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहन तथा जीवनोपयोगी सामग्री वितरण के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं का लाभ केवल पात्र व्यक्तियों तक ही पहुंचे।

कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पिछले एक वर्ष में 24,323 श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 93 करोड़ 6 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है।

इस अवसर पर राज्य सलाहकार संविदा बोर्ड के सदस्य कैलाश पंत, राज्य सतर्कता समिति की अध्यक्ष गीता रावत, उपाध्यक्ष मोहिनी पोखरिया, अपर सचिव विनीत कुमार, उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त शैलेश सती, वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञ दुर्गा चमोली सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रम आयुक्त प्रकाश चन्द्र दुम्का ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *