चमोली: बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जोशीमठ के पैनी क्षेत्र में हुए हादसे के एक दिन बाद ही बदरीनाथ हाईवे पर एक और टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हनुमान चट्टी और बिनाकुली के बीच श्रद्धालुओं से भरा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिसमें आठ यात्री घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार मेरठ (उत्तर प्रदेश) से चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं का टेंपो ट्रैवलर (UP-15 ET-1020) बदरीनाथ धाम के दर्शन कर ऋषिकेश लौट रहा था। इसी दौरान हनुमान चट्टी और बिनाकुली के बीच वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में चालक सहित कुल 16 लोग सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी जेपी कंपनी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ रेफर किया गया।
दुर्घटना में घायल यात्रियों की पहचान दिशा सैनी (15), वर्षा, इलालिता, ज्योति गिरी, पुष्पा गिरी, चालक जमील, राजकुमार और बसु सैनी के रूप में हुई है। सभी यात्री मेरठ जिले के निवासी बताए गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हालांकि पुलिस और एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से राहत एवं बचाव कार्य जल्द पूरा कर लिया गया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।
बदरीनाथ थाना प्रभारी नवनीत भंडारी ने बताया कि वाहन बदरीनाथ से ऋषिकेश की ओर जा रहा था, तभी बिनाकुली के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। आठ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और सभी का उपचार जारी है। किसी भी यात्री की हालत गंभीर नहीं है।
चारधाम यात्रा सीजन के दौरान लगातार बढ़ते यातायात और पर्वतीय मार्गों की चुनौतियों के बीच यह हादसा यात्रियों और वाहन चालकों के लिए सतर्कता बरतने का संदेश भी दे रहा है। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया।