हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, कैंटीन में मिले बासी चने; संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

हरिद्वार: चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बहादराबाद क्षेत्र स्थित एक शराब की दुकान परिसर में संचालित कैंटीन पर छापेमारी के दौरान बासी और दुर्गंधयुक्त चने मिलने पर विभाग ने कैंटीन संचालक के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया है।

 

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी के नेतृत्व में टीम ने एनएच स्थित महादेव ढाबा के समीप शराब की दुकान के अंदर संचालित कैंटीन का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो एल्यूमीनियम ट्रे में रखे करीब 4.5 किलोग्राम उबले हुए काले चने पाए गए, जिनसे दुर्गंध आ रही थी। अधिकारियों ने मौके पर ही पूरी खाद्य सामग्री को नष्ट करा दिया।

 

निरीक्षण के दौरान कैंटीन संचालक पानी की गुणवत्ता संबंधी रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल और वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र तथा पेस्ट कंट्रोल से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए विभाग ने एडीएम कोर्ट में वाद दायर किया है।

 

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी ने कहा कि चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है और मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रा सीजन के दौरान अब तक पांच मामलों में न्यायालय में मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं।

 

वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में निर्मल छावनी, लोधा मंडी और अपर रोड क्षेत्र में भी विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान रेस्टोरेंट, ढाबों, डेयरियों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों समेत कुल नौ प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

 

निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर दो प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए, जबकि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित करते पाए जाने पर एक कारोबारी के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। विभाग ने बताया कि आमजन से प्राप्त शिकायतों का भी मौके पर निस्तारण किया गया।

 

खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि यात्रा सीजन के दौरान जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *