दिल्ली अग्निकांड के बाद देहरादून में फायर सेफ्टी पर सख्ती, 666 भवनों का ऑडिट; कई प्रतिष्ठानों को नोटिस

देहरादून। दिल्ली में हुए भीषण अग्निकांड के बाद देहरादून में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड पर है। संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिले में विशेष फायर सेफ्टी अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की दैनिक रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी।

अग्निशमन विभाग के अनुसार जनवरी से मई 2026 तक जिले के विभिन्न भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संस्थानों में व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट किया गया। इस दौरान कुल 666 भवनों और इमारतों का निरीक्षण किया गया। आंकड़ों के मुताबिक जनवरी में 96, फरवरी में 97, मार्च में 145, अप्रैल में 127 और मई में सर्वाधिक 201 भवनों का फायर सेफ्टी ऑडिट किया गया।

निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर करीब पांच प्रतिशत व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग ने संबंधित संस्थानों और प्रतिष्ठानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक सुरक्षा मानक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अभिनव त्यागी ने बताया कि दिल्ली की घटना के बाद शासन और मुख्यालय स्तर पर फायर सेफ्टी को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में देहरादून में होटल, अस्पताल, स्कूल, कोचिंग सेंटर, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को रोकना और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। साथ ही भवन स्वामियों और प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की गई है कि वे अग्निशमन उपकरणों को कार्यशील स्थिति में रखें और सभी फायर सेफ्टी नियमों का पूरी तरह पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *