उत्तराखंड में पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार, पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट जारी

देहरादून: उत्तराखंड में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार पर्वतीय जिलों के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।

 

मौसम विभाग ने प्रदेशभर में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

 

मौसम विभाग का कहना है कि आगामी 7 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और गर्जन के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *