देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 4 और 5 जून को होने वाले दो दिवसीय दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कुमारी शैलजा स्वयं देहरादून पहुंचकर कार्यक्रमों की निगरानी कर रही हैं।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राहुल गांधी के दौरे को सफल बनाने के लिए देहरादून स्थित प्रदेश मुख्यालय में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया है। यह कंट्रोल रूम राहुल गांधी के गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के सभी कार्यक्रमों की लगातार निगरानी करेगा। पार्टी ने इसके लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि कंट्रोल रूम के माध्यम से कार्यक्रमों से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रमों में अल्मोड़ा में जनसभा, पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिक सम्मेलन और देहरादून में जनसंवाद कार्यक्रम शामिल हैं। कांग्रेस संगठन इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कंट्रोल रूम से जुड़े सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का दौरा पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
देहरादून पहुंचीं कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा उत्तराखंड के मुद्दों को प्राथमिकता देते रहे हैं और राज्य के लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह दौरा न केवल जनता से संवाद का अवसर होगा, बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश भरने का भी काम करेगा।
कुमारी शैलजा ने विश्वास जताया कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा संगठन को मजबूती देगा और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा। पार्टी नेताओं के अनुसार राहुल गांधी के दौरे को लेकर प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।