देहरादून: चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। केदारनाथ हेली सेवा की ऑनलाइन टिकट बुकिंग का दूसरा स्लॉट जून के पहले सप्ताह में खोले जाने की तैयारी चल रही है। इस चरण में 15 जून के बाद की यात्रा के लिए टिकट बुकिंग की जाएगी।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने केदारनाथ हेली सेवा के लिए पहला बुकिंग स्लॉट 15 अप्रैल को जारी किया था। इसके तहत 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू की गई थी। श्रद्धालुओं में हेली सेवा को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला था और बुकिंग खुलने के एक घंटे के भीतर ही 33 हजार से अधिक टिकट बुक हो गए थे।
अब यूकाडा दूसरे चरण की बुकिंग शुरू करने की तैयारी में है। यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि 15 जून के बाद की यात्रा के लिए जल्द ही ऑनलाइन बुकिंग तिथि घोषित की जाएगी।
खराब मौसम के चलते केदारनाथ यात्रा पर असर
इस बीच रुद्रप्रयाग जिले में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को कुछ समय के लिए रोक दिया था। हालांकि दोपहर बाद मौसम में सुधार होने पर यात्रियों को दोबारा आगे भेजा गया।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें निकटतम होल्डिंग क्षेत्रों और सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। खराब मौसम को देखते हुए पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और अन्य राहत एवं बचाव एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
उन्होंने कहा कि मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा को पूरी तरह सुचारू किया जाएगा।
यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा लगातार मौसम और यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। सोनप्रयाग और गौरीकुंड समेत संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मौसम अनुकूल होने तक किसी भी यात्री को आगे न जाने दिया जाए।
वहीं कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यात्रा मार्गों और भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।