प्रेमनगर में देर रात लूट, मुठभेड़ में एक बदमाश ढेर — थाना प्रभारी नरेश राठौड़ घायल

देहरादून।प्रेमनगर क्षेत्र में बीती देर रात लूट की सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौड़ गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना का विवरण

थाना प्रेमनगर को कंट्रोल रूम/एमडीटी के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया है और उसे गोली मार दी है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया। उसने पुलिस को बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे नीले रंग का बैग लूट लिया, जिसमें लगभग दो लाख रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, आईडी और अन्य जरूरी कागजात थे। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी और विश्रांति की ओर फरार हो गए।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई

घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जंगल की ओर जाती संदिग्ध काली कार दिखाई दी। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी और गाड़ी छोड़कर जंगल में भागने लगे।

पीछा करने के दौरान बदमाशों की फायरिंग में एक गोली थाना प्रभारी नरेश राठौड़ को लगी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए।

अस्पताल में उपचार, बदमाश की मौत

घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और थाना प्रभारी राठौड़ को पहले प्रेमनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल बदमाश को कोरोनेशन जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

अधिकारी मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। पूरे जनपद में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों और बॉर्डरों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *