अल्मोड़ा। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सतर्कता टीम ने विकासखंड लमगड़ा में तैनात अकाउंटेंट हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद ब्लॉक कार्यालय में हड़कंप मच गया।
एफडीआर रिलीज के नाम पर मांग रहा था रिश्वत
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता का शौचालय निर्माण कार्य के तहत 3 लाख रुपये का टेंडर स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि इस टेंडर से जुड़ी एफडीआर (FDR) रिलीज कराने के नाम पर आरोपी अकाउंटेंट लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। बिना पैसे दिए फाइल आगे बढ़ाने से साफ इनकार किया जा रहा था।
मामले से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
ट्रैप ऑपरेशन में रंगे हाथ पकड़ा
8 अप्रैल 2026 को सतर्कता टीम ने लमगड़ा ब्लॉक कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत के रूप में लिए, टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी हर सिंह बिष्ट, पुत्र बहादुर सिंह बिष्ट, वर्तमान में लेखाकार के पद पर तैनात था और अल्मोड़ा के चीनाखान क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भ्रष्टाचार पर सख्त नजर
इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत गया है कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सतर्कता विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी भी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है, तो तुरंत इसकी शिकायत संबंधित विभाग में करें।