प्रधानमंत्री मोदी के 14 अप्रैल के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियां तेज

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री के सड़क मार्ग से देहरादून पहुंचने की संभावना को देखते हुए पूरे रूट और कार्यक्रम स्थल पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

बुधवार को जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में उच्चस्तरीय बैठक कर सभी विभागों को जिम्मेदारियां स्पष्ट कीं। प्रशासन के अनुसार प्रधानमंत्री पहले गणेशपुर में प्रस्तावित कार्यक्रम में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से देहरादून के गढ़ीकैंट पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

सुरक्षा और यातायात पर विशेष फोकस

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को पुलिस के समन्वय से पूरे मार्ग पर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) को मार्ग और आसपास के क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण का कार्य सौंपा गया है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसपी सिटी प्रमोद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मनोज शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मोबाइल शौचालय और स्वास्थ्य टीम की तैनाती

जिला प्रशासन ने नगर निगम को सड़क मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर व्यापक सफाई, मोबाइल शौचालय और आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी को रूट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त चिकित्सा टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मंच, पार्किंग और यातायात योजना की समीक्षा

बैठक में मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश-निकास द्वार, वीआईपी और आमजन के लिए अलग बैठने की योजना तथा यातायात प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करें। मुख्य विकास अधिकारी को कार्यक्रम के लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *