उत्तराखंड। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने उत्तराखंड संयुक्त राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS) मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार मुख्य परीक्षा 27 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएगी।
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि परीक्षा के एडमिट कार्ड 11 अप्रैल को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी निर्धारित तिथि से अपने प्रवेश पत्र ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे।
ऐसे रहेगा परीक्षा कार्यक्रम
27 अप्रैल: सामान्य हिंदी एवं निबंध
28 अप्रैल: सामान्य अध्ययन-1 एवं सामान्य अध्ययन-2
29 अप्रैल: सामान्य अध्ययन-3 एवं सामान्य अध्ययन-4
30 अप्रैल: सामान्य अध्ययन-5 एवं सामान्य अध्ययन-6
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि 5 फरवरी तक मुख्य परीक्षा शुल्क जमा न कराने वाले 41 अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया है। इन सभी के आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं।
न्यायिक सेवा मुख्य परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी
इसी बीच, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) मुख्य परीक्षा के एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए हैं।
यह परीक्षा 21 से 24 अप्रैल 2026 के बीच हरिद्वार स्थित आयोग के परीक्षा भवन में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने और प्रवेश पत्र के साथ आवश्यक पहचान पत्र लाने की सलाह दी है।