दहेज के लालच में पति बना हैवान, सोती पत्नी का कंबल से मुंह दबाकर किया कत्ल, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून : राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी के महज चार महीने बाद ही एक युवक ने अपनी पत्नी की कंबल से मुंह दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस के अनुसार चार फरवरी को सलमान आसिफ पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी अपर बाजार रुद्रप्रयाग ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में बताया गया कि उनकी बहन कहकशा आलम की शादी 19 नवंबर 2025 को शहबाज आलम पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी रिस्पना नगर सी-37, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और उसके परिजन दहेज के लिए कहकशा को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।

परिजनों के अनुसार तीन मार्च 2026 की रात को ससुराल पक्ष कहकशा को गंभीर हालत में महंत इंद्रेश अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई का आरोप है कि पति शहबाज आलम और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर कहकशा की हत्या की है। शिकायत के आधार पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मुकदमा संख्या 77/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) के तहत मामला दर्ज किया।

चूंकि मृतका की शादी को केवल चार महीने ही हुए थे, इसलिए नियमानुसार मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई की गई। मृतका का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जांच क्षेत्राधिकारी मसूरी को सौंपी गई।

एसएसपी के निर्देश पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जांच के बाद पांच मार्च 2026 को मृतका के पति शहबाज आलम को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह उसकी मर्जी के खिलाफ परिवार वालों ने कराया था। आरोपी के अनुसार उसकी पत्नी कम पढ़ी-लिखी थी और शादी में कम दहेज मिलने के कारण वह और उसका परिवार उससे नाराज रहने लगे थे। आरोपी ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। उसकी मंशा थी कि पत्नी की हत्या के बाद वह किसी पढ़ी-लिखी महिला से दूसरी शादी कर लेगा, जिससे उसे अधिक दहेज मिल सके।

योजना के तहत तीन मार्च की रात आरोपी ने घर में सो रही पत्नी का कंबल से मुंह दबा दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह उसे महंत इंद्रेश अस्पताल लेकर गया और परिजनों को बताया कि पत्नी की तबीयत गंभीर है। आरोपी की योजना थी कि वह सभी को यह विश्वास दिला देगा कि कहकशा की मौत बीमारी के कारण हुई है।

लेकिन अस्पताल प्रशासन द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने पर आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहबाज आलम (29) पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी सी-36 रिस्पना नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से ग्राम दिनौड़ा, थाना सोती की नांगल, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *