व्यापारी से मारपीट पर भड़के लोग, कीर्तिनगर बाजार रहा बंद, SDM कार्यालय पहुंचे व्यापारी

कीर्तिनगर: होली के दिन हुई मारपीट की घटना के विरोध में आज कीर्तिनगर नगर क्षेत्र में स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय और कोतवाली कीर्तिनगर का घेराव किया। व्यापारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

व्यापारियों का आरोप है कि होली के दिन कीर्तिनगर बाजार चेक पोस्ट के पास कीर्तिनगर नैथाना के कुछ युवकों ने व्यापारियों के साथ अभद्रता की, जो कहासुनी से बढ़कर मारपीट में बदल गई। इस दौरान एक व्यापारी के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि दो अन्य घायल हुए।

मारपीट के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद रखा और एसडीएम कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, नगर में सीसीटीवी कैमरों के नियमित संचालन, ओवरस्पीडिंग और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर मंजू राजपूत ने उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इसके बाद व्यापारियों ने कोतवाली कीर्तिनगर में भी प्रदर्शन किया और होली के दिन पर्याप्त पुलिस बल न होने तथा अराजकता का माहौल बनने पर नाराजगी जताई। उन्होंने मामले में संलिप्त सभी दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कीर्तिनगर संजय मिश्रा ने बताया कि दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है और एफआईआर दर्ज की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *