देहरादून में फल को लेकर विवाद बना सांप्रदायिक तनाव, महिला दुकानदार से मारपीट, इलाके में हुए पथराव

देहरादून: होली की शाम देहरादून के गांधीग्राम क्षेत्र में फलों की बिक्री को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक सांप्रदायिक तनाव में बदल गया। आरोप है कि फल में कमी बताकर वापस करने आए कुछ युवकों ने महिला दुकानदार के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। घटना के बाद दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए मौके पर पीएसी तैनात कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार बुधवार शाम लक्ष्मण चौक चौकी के गांधीग्राम मोहल्ले में यह घटना हुई। पीड़िता रेशमा बाला सोनकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी फल की दुकान पर बैठी थीं। तभी 16-17 वर्षीय एक किशोर फल खरीदकर ले गया। कुछ देर बाद वह वापस लौटा और फलों में कमी बताते हुए गाली-गलौज करने लगा।

थप्पड़ मारने का आरोप, बढ़ा विवाद

पीड़िता के अनुसार किशोर ने फल महिला के ऊपर फेंक दिए और अपने साथियों को बुलाकर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि महिला को थप्पड़ मारे गए और सड़क की ओर धक्का दे दिया गया। घटना के बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और देखते ही देखते दोनों पक्षों की भीड़ आमने-सामने आ गई।

पथराव की नौबत, पुलिस ने संभाला मोर्चा

विवाद बढ़ने पर इलाके में तनाव फैल गया और हालात पथराव व बवाल तक पहुंच गए। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को काबू में किया गया।

पीएसी तैनात, आरोपियों पर मुकदमा

सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए क्षेत्र में पीएसी तैनात कर दी गई है। महिला की शिकायत पर पिंटू (चप्पल वाला) और सलीम (होटल वाला) समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *